बिहार में मौसम का अलर्ट: 25 जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की चेतावनी, समस्तीपुर भी शामिल
पटना, 31 जुलाई। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को राज्य के 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, कैमूर, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की अपील की है। वहीं, पटना सहित दक्षिण एवं मध्य बिहार के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है, हालांकि उमस बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इस वर्ष बिहार में अब तक सामान्य से लगभग 42 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर और पूर्वी बिहार में मानसूनी हवाएं सक्रिय हैं, जबकि दक्षिण-मध्य बिहार में इनका प्रभाव अपेक्षाकृत कमजोर है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Total Users : 10170171
Views Today : 3314