बिहार में BPSC शिक्षिका की हत्या, UP की रहने वाली थीं
बिहार के अररिया में अज्ञात अपराधियों ने सुबह-सुबह बड़ी घटना को अंजाम दिया है. शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शिक्षिका को तब गोली मारी गई, जब वह ड्यूटी पर जा रही थीं. मिली जानकारी के अनुसार कन्हैली हाई स्कूल में शिक्षिका की पोस्टिंग है.
BPSC शिक्षिका की गोली मारकर हत्या: रोज की तरह फारबिसगंज से अपनी स्कूटी पर सवार होकर शिक्षिका नरपतगंज प्रखंड के कन्हैली +2 उत्क्रमित हाई स्कूल जा रही थी. नरपतगंज थाना क्षेत्र के कन्हैली शिव मंदिर के पास बाइक पर सवार दो हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने शिक्षिका की कनपटी पर गोली मार दी
मौके पर ही शिक्षिका की मौत हो गई. खेत में काम कर रहे ग्रामीण आनन-फानन में दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी सुधीर यादव ने बताया कि सुबह 8 से 9 बजे के बीच इस घटना को अंजाम दिया गया है.
“शिव मंदिर के पास कन्हैली खापदा पंचायत में जहां की ये टीचर यूपी से हैं. हर रोज मध्य विद्यालय कन्हैली में इनका जाना-आना था. हमलोग इनको जानते थे. लेकिन आज सुबह स्कूल जाने के दौरान बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात लोग आए और धड़ाधड़ उन्हें गोली मारकर फरार हो गए. हम शिक्षिका को सदर अस्पताल लेकर आए हैं. उनके परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.”- सुधीर यादव, प्रत्यक्षदर्शी
UP की रहने वाली हैं शिवानी: शिक्षिका की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिवानी कुमारी के रूप में हुई है, जो बीपीएससी शिक्षिका थीं. सूचना मिलने पर फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साह, नरपतगंज थानाध्यक्ष व एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
“एक शिक्षिका की गोलीमार हत्या का मामला सामने आया है. घटनास्थल पर पहुंचकर मामले छानबीन की जा रही है.”- मुकेश कुमार,फारबिसगंज एसडीपीओ






Total Users : 10043046
Views Today : 321