राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति, जन्माष्टमी की पूर्व पर विद्यालय में दिखी भक्ति
बिहार के समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत जाखर धरमपुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय कोलहट्टा बाहापार में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय परिसर में छात्र छात्राओं ने राधा कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों को देखने के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य लोगों में भी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्रधान शिक्षक पिंकी कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक पर्वों की जानकारी देने तथा उनमें अपनी संस्कृति के प्रति रुचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से जन्माष्टमी से पूर्व यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों को राधा और कृष्ण के रूप में सजाकर विद्यालय परिसर में आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत कराया गया।
विद्यालय के छात्र अविनाश कुमार, विवेक कुमार, सुमन कुमार सहित अन्य छात्र कृष्ण की वेशभूषा में सजाए गए। वहीं छात्राओं में देवजानी कुमारी, शिवानी कुमारी, सीता कुमारी सहित अन्य छात्राओं को राधा के रूप में तैयार किया गया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की मनमोहक छवि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। कृष्ण के रूप में सजे बच्चे जहां बांसुरी और पारंपरिक परिधान में आकर्षक लग रहे थे, वहीं राधा के रूप में सजी छात्राएं भी अपनी मनमोहक वेशभूषा से सबका ध्यान खींच रही थीं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग समूहों में गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों को सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास किया। अपनी प्रस्तुति के दौरान बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। गीत बजते ही बच्चे ताल के साथ नृत्य करने लगे और विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कई बच्चों ने सामूहिक रूप से प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रधान शिक्षिका पिंकी कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों की समझ विकसित होती है। साथ ही बच्चों को मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को जन्माष्टमी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका अमरेश कुमार, सिकंदर कुमार, विद्याधर ठाकुर, गुड्डू कुमार, आशीष कुमार, प्रकाश कुमार पंडित एवं मीरा कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने बच्चों को राधा-कृष्ण की वेशभूषा में तैयार कराने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति तक सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। जन्माष्टमी के पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

Total Users : 10203475
Views Today : 1622