सिंघिया में भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने बाइक टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर हजारी पेट्रोल पंप के समीप एसएच-88 पर आज मंगलवार रात्री में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी गांव निवासी अनिल पासवान के पुत्र अवधेश पासवान के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान सिंघिया निवासी कारी सदा के पुत्र मोना सदा तथा मनोज सदा के पुत्र अनिल सदा के रूप में की गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। वहीं अवधेश पासवान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिंघिया थाना के पुलिस पदाधिकारी सुभाष यादव दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Total Users : 10175416
Views Today : 2025