करही के डीलर पर राशन कार्ड में नाम जोड़ने के नाम पर ₹6 हजार मांगने का आरोप, जांच के आदेश
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत विष्णुपुर डीहा ग्राम पंचायत के करही गांव में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता पर राशन वितरण में अनियमितता और राशन कार्ड में नाम जोड़ने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में करही ग्राम पंचायत के आयोजित विशेष शिविर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार से कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर ओम प्रकाश यादव लाभुकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन देता है। साथ ही, जिन लोगों का नाम राशन कार्ड में नहीं है, उनका नाम जोड़वाने के लिए दो व्यक्तियों से कुल ₹6 हजार की मांग की गई। आरोप है कि बिना पैसे दिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया नहीं की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उत्कर्ष दुबे को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इधर, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि शिकायत की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



Total Users : 10141571
Views Today : 3359