बिहार में आंधी-बारिश का कहर, सीतामढ़ी में 5 की मौत, समस्तीपुर समेत 24 जिलों में अलर्ट जारी
बिहार में मानसून के आगमन से पहले ही आंधी-तूफान और बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सोमवार शाम कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। सीतामढ़ी जिले में पेड़ गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर सड़कें बाधित हो गईं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने समस्तीपुर सहित राज्य के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, वज्रपात और बारिश की संभावना है।
अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, सीवान और गोपालगंज शामिल हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 10 से 15 जून के बीच बिहार में मानसून की एंट्री होने की संभावना है। इसके साथ ही अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बगहा और रामनगर क्षेत्र में आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा वज्रपात के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है।






Total Users : 10111035
Views Today : 2108