Explore

Search

August 8, 2026 7:06 am

गुरुग्राम में मधेपुरा के युवक की मौत, 10 सेकंड तक करंट से छटपटाता रहा 28 साल का अजीत; पूरी घटना CCTV में कैद


मधेपुरा (बिहार): हरियाणा के गुरुग्राम में निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के बेलारी पंचायत निवासी 28 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई। गुरुवार को जैसे ही अजीत का शव पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे।

मकान में लेंटर की ढलाई करते समय हादसा

परिजनों के अनुसार अजीत कुमार गुरुग्राम के हीरा नगर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। 3 अगस्त की शाम एक निर्माणाधीन मकान में लेंटर ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही मशीन में करंट उतर आया और अजीत उसकी चपेट में आ गया। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें अजीत करंट लगने के बाद अचानक गिरता दिखाई दे रहा है।

‘मकान के ऊपर से गुजर रहा हाई वोल्टेज बिजली का तार’

मृतक के छोटे भाई श्रवण कुमार ने गुरुग्राम पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन मकान के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा था। इसके बावजूद मकान मालिक और ठेकेदार ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। शिकायत के आधार पर हरियाणा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Image Source : REPORTER INPUTयुवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पीछे छोड़ गया पत्नी और 3 बच्चे

अजीत कुमार अपने पीछे पत्नी बेबी देवी, बेटा विशाल कुमार (8), बेटी लक्ष्मी कुमारी (4) और 10 माह के बेटा ऋषभ कुमार को छोड़ गए हैं। पिता डोमी यादव, माता मंजू देवी और दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी अजीत पर ही थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने मुआवजा और कड़ी कार्रवाई की मांग की

ग्रामीणों ने बताया कि अजीत मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। लोगों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा मामले में दोषी मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, बता दें कि हाल ही में यूपी के नोएडा के सेक्टर-63 में बड़ा हादसा हुआ था। यहां छिजारसी कॉलोनी में स्कूटी सवार तीन लोगों पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया। हादसे में 5 लोग झुलस गए। 

(रिपोर्ट- मनीष कुमार)

यह भी पढ़ें-

पानी में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आकर युवक की हुई मौत, सामने आया हादसे का खौफनाक वीडियो

एक ही बाथरूम में 2 शव! धनबाद में महिला और नौकरानी की रहस्यमयी मौत, करंट या कुछ और?





Source link

adm_960fd5
Author: adm_960fd5

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!